यमुनानगर

संविधान के प्रति निष्ठा से कार्य करने की शपथ ली

यमुनानगर, 26 नवम्बर (सच की ध्वनि): संविधान दिवस को राष्ट्रीय कानून दिवस भी कहा जाता है तथा भारत में प्रति वर्ष इसे 26 नवंबर को मनाया जाता है। इसी के चलते सिविल सर्जन कार्यालय यमुनानगर में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन डॉ. विजय दहिया ने सभी उपस्थित उप-सिविल सर्जन, चिकित्सा अधिकारी व कर्मचारियों को संविधान के प्रति निष्ठा से कार्य करने की शपथ दिलाई। सिविल सर्जन डॉ. विजय दहिया ने बताया कि भारत का संविधान 26 नवंबर, 1949 को बनकर तैयार हुआ था तथा संविधान सभा के प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती वर्ष के रूप में 26 नवंबर, 2015 से “संविधान दिवस” सरकार द्वारा मनाना आरंभ किया गया था। उन्होंने बताया कि आज का दिन संविधान दिवस के रूप में मनाने का उद्देश्य संविधान तथा डॉ. अंबेडकर के विचारों और अवधारणाओं का प्रसार करना है। उन्होंने बताया कि आज इस दिवस को मनाते हुये तथा कोरोना के चलते कार्यालय में कोरोना के सभी दिशा निर्देशों की पालना करते हुये सभी उपस्थितगण को शपथ दिलाई गई। इस शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सभी ने मास्क का प्रयोग किया तथा सामाजिक दूरी बनाये रखी। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुसार यदि हमारे कुछ अधिकार है तो समाज व देश के प्रति हमारे कुछ महत्वपूर्ण कर्तव्य भी हैं। संविधान दिवस पर हम सभी को यह प्रतिज्ञा करनी चाहिये कि हम देश हित में कार्य करेंगे।
इस अवसर पर डॉ. सुनील कुमार, डॉ. दीपिका गुप्ता, डॉ. राजेश परमार, डॉ. पुनित कालडा, डॉ. विपुल गोयल, डॉ. वागीश गुटेन, माम चन्द व अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
Twitter
21:16