पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय अरुण जेटली को उनकी पहली पुण्यतिथि पर शिक्षामंत्री ने दी श्रद्धांजलि
यमुनानगर, 24 अगस्त (सच की ध्वनि)- सरल, सहज व सौम्य व्यक्तित्व के धनी कुशल संगठनकर्ता, प्रखर वक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली को उनकी पुण्यतिथि पर शत-शत नमन यह श्रद्धांजलि संदेश शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने दिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय अरुण जेटली को उनकी पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देते हुए हरियाणा सरकार में कैबिनेट शिक्षा व वन मंत्री कंवरपाल ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में आपका अप्रतिम योगदान सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि अरुण जेटली को भारत सरकार के प्रतिष्ठित सम्मान पदम विभूषण से भी सम्मानित किया गया था। स्वर्गीय अरुण जेटली ने भाजपा में विभिन्न पदों पर कार्य किया, वह पार्टी के प्रवक्ता व महासचिव भी रहें और उन्होंने केंद्र में कानून मंत्री, कारपोरेट मामलों के मंत्री, जहाजरानी मंत्री, रक्षा मंत्रालय, वित्त मंत्रालय आदि कई महकमों में सराहनीय कार्य किया। भाजपा नेता स्वर्गीय अरूण जेटली राज्यसभा में विपक्ष के नेता के पद पर भी चुने गए, एक प्रतिष्ठित वकील के रूप में भी उन्होंने नैतिकता के ऊंचे मापदंड स्थापित किए। अरुण जेटली दिल्ली युनिवर्सिटी छात्र संघ के अध्यक्ष भी बने, देश व भाजपा उन्हें उनकी सेवाओं के लिए सदा याद रखेगी।