मारपीट के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज
यमुनानगर, 24 अगस्त (सच की ध्वनि)- शहर की आनंद कालोनी हमीदा में तीन लोगों ने रंजिश के चलते एक व्यक्ति को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल व्यक्ति की शिकायत पर दो आरोपितों को नामजद करते हुए एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार आनंद कालोनी हमीदा निवासी आस मोहम्मद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी कालोनी के ही विशाल के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस समय अन्य लोगों ने समझा कर मामला शांत करवा दिया। मगर उसके बाद से आरोपित उससे रंजिश रखने लगा। आस मोहम्मद ने बताया कि इसी रंजिश के चलते विशाल ने अपने साथी कल्लू और एक अन्य के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। मारपीट की आवाज सुनकर जब अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपित उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उसने आरोपितों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।