शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति का क्रमिक अनशन लगातार 89वें दिन भी रहा जारी
यमुनानगर, 11 सितम्बर(सच की ध्वनि)- हरियाणा शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति के आह््वान पर जिला यमुनानगर के अध्यापकों द्वारा अपना क्रमिक अनशन एवं विरोध प्रदर्शन लगातार 89वें दिन भी जारी रखा गया। आज के अनशन की शुरुआत संयोजक सयुंक्त शिक्षक संघर्ष समिति के राम स्वरूप शर्मा द्वारा चार अध्यापकों राजीव कुमार, रमेश कुमार, जैब सिंह व परनीश कुमार को माला पहनाते हुए की गई। जिला सचिव हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ जगपाल सिंह ने सरकार के तानाशाही रुख की कड़़ी आलोचना करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बर्खास्त निर्दोष अध्यापकों की सेवाएं पुनः बहाल करने की मांग की। जगपाल सिंह ने कहा कि इन अध्यापकों द्वारा 10 वर्ष नियमित सेवाएं देने के पश्चात् निर्दोष होते हुए इनकी सेवाएं निरस्त करना इनके साथ अन्याय है। जिसके लिए जनता सरकार को कभी माफ नहीं करेगी। इस अवसर पर हरियाणा शारीरिक शिक्षक संघ जिला प्रधान कृष्ण लाल, हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ जिला सचिव जगपाल सिंह, सीटू नेता विनोद त्यागी, नवीन कुमार, परमजीत कौर, सुनीता रानी हरियाणा शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति जिला प्रधान यशवंत राणा आदि मौजूद रहे।