भूडकलां में पदाधिकारियों द्वारा नवगठित की गई कार्यकारिणी – 26वें दिन भी नहीं निकला कोई समाधान, कर्मचारियों में रोष
यमुनानगर, 20 मई : पिछले 26 दिनों से लगातार धरने पर बैठे थर्मल कर्मचारियों को जुण्डला (करनाल) के यूनिट प्रधान अपने कार्यकारिणी सदस्यों सहित अपना समर्थन देने पहुंचे।
आज के धरने की अध्यक्षता मनोज शर्मा व मंच संचालन राजेश कुमार द्वारा किया गया। यह धरना प्रदर्शन अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संबंधित भारतीय मजदूर संघ थर्मल कर्मचारियों द्वारा लगाया जा रहा है। सुबह के दौरान जुण्डला यूनिट प्रधान विनोद शर्मा ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनका धरना प्रदर्शन दिनप्रतिदिन मजबूत होता जा रहा है। अब उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। बेशक थर्मल मैनेजमेंट द्वारा कुछ डिविजनों के कर्मचारियों का डाटा चढ़ाने की बात कही गई है, लेकिन वह तब तक धरने पर बैठे रहेंगे जब तक एक-एक कर्मचारी का हयिाणा कौशल रोजगार निगम में नाम चढ़ नहीं जाता। इस दौरान संदीप कुमार कार्यकारिणी सदस्य, अजय कुमार, कुलवंत सिंह, सुमित कुमार ने भी अपने विचार रखे। उसके पश्चात थर्मल के ही पदाधिकारी एचपीजीसीएल भूडकलां पहुंचे, जहां उन्होंने एक कार्यकारिणी नवगठित की। यह कार्यकरिणी जिला सचिव राज ठाकुर, थर्मल अध्यक्ष अविनाश सैनी, थर्मल सचिव संजय बाली, सचिन गुर्जर उपाध्यक्ष, अजय, कुलदीप सैनी की अध्यक्षता में बनाई गई। पदाधिकारियों द्वारा कार्यकारिणी मैमबरों को बधाई भी दी गई। अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अश्वनी कश्यप ने नवगठित कार्यकरिणी भूडकलां के गठन होने पर थर्मल कर्मचारियों का हौंसला बढ़ाया। पदाधिकारियों द्वारा कहा गया कि वह अब आर-पार की लडाई करने के लिए तैयार हो रहे हैं। धीरे-धीरे सभी संगठन उनके समर्थन में आ रहे हैं। पानीपत प्लांट भी उनके समर्थन में जल्द ही धरना स्थल पर दिखाई देगा लेकिन थर्मल मैनेजमेंट और सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। वह अपनी जिद पर अड़े हुए हैं। सरकार द्वारा ही चलाई गई योजना का लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है जिसके चलते थर्मल मैनेजमेंट व सरकार को नुक्सान तो हो ही रहा है, अन्य कर्मचारियों को भी इसका नुक्सान उठाना पड़ रहा है। लेकिन वह हार मानने वाले नहीं है। कौशल योजना में वह अपना नाम चढ़वा कर ही रहेंगे। संघ के पदाधिकारियों द्वारा यह भी घोषणा की गई कि जब तक उनकी मांगों को नहीं माना जाता, तब तक दोनों प्लांटों का धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। आने वाले समय में यह आंदोलन और बड़ा हो सकता है, जिसका खामियाजा मैनेजमेंट को भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए। इस अवसर पर अजय, मोनू, सीता राम, सितार अली, दीपेन्द्र, अमित, लोकेश, आदि मौजूद थे।