यमुनानगर सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल
यमुनानगर(सच की ध्वनि, सिमरण) से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह हादसा सारण इलाके के पास हुआ, जहां करीब आठ लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर गादोली की तरफ गने के खेतों में बुवाई करने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार के चलते ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही दो लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि बाकी छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान बबलू और निर्मल के रूप में हुई है। बबलू बिहार का रहने वाला था, जिसकी उम्र करीब 45 से 50 वर्ष बताई जा रही है, वहीं निर्मल की उम्र लगभग 60 वर्ष बताई जा रही है।
घायलों में से कुछ की हालत बेहद गंभीर है। एक व्यक्ति का पैर टूट गया है, जबकि एक अन्य घायल को गंभीर हालत में चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, मृतकों के शवों को जगाधरी सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
