यमुनानगर

केंद्रीय सरकार द्वारा लाए गए तीन अध्यादेशों से किसान और खरीददार के बिचैलियों पर लगेगा अंकुशः शिक्षामंत्री

-शिक्षामंत्री ने प्रैंस कांफ्रैंस में विपक्ष पर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया

यमुनानगर, 19 सितम्बर (सच की ध्वनि)- किसान और खरीदार के सीधे आपस में जुड़ने से बिचैलियों पर अंकुश लगेगा और किसानों को उनकी फसल का लाभकारी मूल्य मिलने से किसानों की आय व जीवन स्तर में सुधार होगा। यह शब्द हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने कहे।
शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा 3 नए कृषि कानूनों को लोकसभा से पारित कर दिया गया है। उन्हीं 3 कानूनों को लेकर हरियाणा के शिक्षा व वन मंत्री कंवरपाल ने जगाधरी रैस्ट हाऊस में प्रैसवार्ता की। प्रैसवार्ता में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने कहा कि इन तीन नए कानूनों के पास होने से किसान अपनी उपज के दाम खुद ही तय करने के लिए स्वतंत्र होगा। कांग्रेस पार्टी व विपक्षी दल सिर्फ विरोध करने के लिए अच्छे कृषि कानूनों का विरोध कर रहे है। इन तीन नए कानूनों के पास होने से किसानों का सशक्तिकरण होगा व किसानों की फसल खरीद का दायरा बढ़ेगा।
शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की मानसिकता अंग्रेजों वाली है, वह देश के किसान अन्नदाता को आजाद नहीं देख सकती। कांग्रेस पार्टी के रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित सभी कांग्रेसी नेता गलत बयानबाजी कर किसानों को भ्रमित करने का असफल प्रयास कर रहे है। उन्होंने कहा कि आज कृषि कानूनों के बनने से किसान अपनी उपज देश के किसी भी कोने में बेच सकता है। उस पर किसी भी प्रकार की कोई पाबंदी नहीं रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मनोहर लाल सरकार ने लाखों किसानों की बाजरा, मक्का, गेहूं धान ,मूंग की सरकारी खरीद हजारों करोड रुपए की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद कर लाखों किसानों को फायदा पहुंचाया है। हरियाणा की भाजपा सरकार ने भावांतर स्कीम के अंतर्गत सब्जी उत्पादक किसानों को उनकी फसल का लाभकारी मूल्य प्रदान किया है।
शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने कहा कि देश बदल रहा है, देश तरक्की कर रहा है और इन कानूनों के पास होने से किसान भी तरक्की करेगा। उन्होंने कहा कि मंडी व्यवस्था पहले की तरह ही रहेगी तथा मंडी में न्यूनतम समर्थन मूल्य भी पहले की तरह ही जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इन दोनों चीजों में कोई भी बदलाव नहीं किया गया है। किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीजों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी तथा किसानों का पारदर्शी तरीके से संरक्षण होगा। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में इन तीन नए कानूनों के पास होने से कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा और आधुनिक खेती का दौर आएगा, जिससे जुड़कर करोड़ों किसानों की आमदनी में इजाफा होगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी व विपक्षी दल हमेशा से ही कृषि सुधार कार्यों का विरोध कर किसानों की उन्नति में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। आज का किसान समझदार है वह इन सभी चीजों को भली भांति देख रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सुनिश्चित कर रही है कि किसानों को उनकी फसल का कम मूल्य न मिले। इन तीन कानूनों के बनने से किसानों को बहुत फायदा होगा। उन्होंने कहा कि यह वही कांग्रेस पार्टी है जिसमें भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किसानों को मुआवजे के नाम पर 2 रूपये व 3 रुपये के चैक वितरित करके उनके जख्मों पर नमक लगाने का कार्य किया है, वहीं भाजपा सरकार में जब भी किसानों पर कोई भी प्राकृतिक आपदा आई है, हमारी भाजपा सरकार ने हजारों करोड़ रुपए का मुआवजा बांट कर किसानों को उनका हक प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता किसानों के प्रति गंभीर नहीं है, वह तो सिर्फ किसानों का मजाक बनाने में लगे हुए हैं। कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने हमेशा किसानों का अपमान किया है। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष विपुल गर्ग, वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक मेंहदीरत्ता, भाजपा मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग उपस्थित रहे।

Twitter
16:36