नए कृषि अध्यादेशों के बाद भी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की व्यवस्था के तहत सरकारी खरीद जारी रहेगी: शिक्षामंत्री
यमुनानगर, 21 सितम्बर(सच की ध्वनि): हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने कहा है कि वो स्वयं साधारण किसान परिवार से आते है, वो केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा पारित तीन कृषि अध्यादेशों का स्वागत करते है। यह जानकारी उन्होंने स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह जगाधरी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दी। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार जीएसटी बिल, सीए, राफेल, धारा-370 के बिल लेकर आए और इन सभी बिलों का कांग्रेस ने विरोध किया। यह तीन कृषि अध्यादेश बिल किसान के हित में आया है। उन्होंने कहा कि इस देश में कोई भी सरकार देश से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की व्यवस्था खत्म नहीं कर सकती है। यह सभी सरकारों की जिम्मेवारी है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह कदम किसानों की उन्नति का मार्ग प्रशस्त करेंगा। कांग्रेस पार्टी किसानों की तरक्की में बाधा उत्पन्न कर रही है। वर्ष 2014 अक्तूबर से पहले किसानों को हर चीज के लिए जैसे डीएपी खाद, युरिया खाद व अन्य कृषि खादों के लिए लाइनों मे ही खड़े देखा था। बिजली की तो कांग्रेस सबसे बड़ी दुश्मन थी। रात भर जाग-जाग कर किसान भाई खेतों में पानी देते थे, और दिन में किसानों के घर वाले सिलेण्डर लेने के लिए लाईनों में लगे रहते थे। आज वही कांग्रेस पार्टी किसानों को झूठ बोलकर गुमराह करने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में केन्द्र व हरियाणा में भाजपा सरकार बनने के बाद वर्तमान भाजपा सरकार में आज घर का गैस सिलेण्डर, गैस एजेंसी वाले घर आकर होम डिलवरी दे रहे है। गैस सिलेंडर की काला बाजारी बंद हो गई है। गैस सिलेंडर के लिए किसानों को लाइनों में लगाकर अपना कीमती समय खराब नहीं करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि आज किसानों के लिए खाद व बीजों की कोई कमी नहीं है। किसान भाईयों को कांग्रेस पार्टी सहित अन्य विपक्षी पार्टियों की झूठी व गलत बातों में बिल्कुल नहीं आना चाहिए। कांग्रेस ने तो भाजपा सरकार की हर जनकल्याणकारी नीति का विरोध ही किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस देश के किसानों को गुलाम ही रखना चाहती है। कांग्रेस पार्टी का किसानों के दुख दर्द से कोई लेना देना नहीं है, सब जानते है कि वर्ष 2004 से वर्ष 2014 तक हरियाणा में कांग्रेस सरकार के दौरान किसानों की जमीन के नाम पर सीएलयू का गन्दा खेल खेलकर किसानों को बर्बाद करने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने तीनों बिल किसानों के हित मे पास किए है, इससे किसानों को कोई नुकसान नहीं होगा, सभी किसान भाई बेफिक्र रहे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने कहा कि भारत के कृषि इतिहास में आज एक बड़ा दिन है। संसद में अहम विधेयकों के पारित होने पर मैं अपने परिश्रमी अन्नदाताओं को बधाई देता हूं। यह न केवल कृषि क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन लाएगा, बल्कि इससे करोड़ों किसान सशक्त होंगे, दशकों तक हमारे किसान भाई-बहन कई प्रकार के बंधनों में जकड़े हुए थे और उन्हें बिचौलियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि संसद में पारित विधेयकों से अन्नदाताओं को इन सबसे आजादी मिली है। इससे किसानों की आय दोगुनी करने के प्रयासों को बल मिलेगा और उनकी समृद्धि सुनिश्चित होगी।
कैबिनेट मंत्री कंवर पान ने कहा कि हमारे कृषि क्षेत्र को आधुनिकतम तकनीक की तत्काल जरूरत है, क्योंकि इससे मेहनतकश किसानों को मदद मिलेगी। अब इन बिलों के पास होने से हमारे किसानों की पहुंच भविष्य की टेक्नोलॉजी तक आसान होगी। इससे न केवल उपज बढ़ेगी, बल्कि बेहतर परिणाम सामने आएंगे। यह एक स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने कहा कि मैं पहले भी कह चुका हूं और एक बार फिर कहता हूं न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की व्यवस्था के तहत सरकारी खरीद जारी रहेगी। हम यहां अपने किसानों की सेवा के लिए हैं। हम अन्नदाताओं की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे और उनकी आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर जीवन सुनिश्चित करेंगे। इस दौरान भाजपा मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग साथ रहे।