यमुनानगर

सदन की बैठक नगर निगम का जेई सस्पैंड, बिजली निगम के जेई पर भी गिरी गाज

सदन की बैठक नगर निगम का जेई सस्पैंड, बिजली निगम के जेई पर भी गिरी गाज

पार्षदों की शिकायत के बाद मेयर की सिफारिश पर कमिश्नर ने दिए आदेश

विकास कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान न रखने पर एक एजेंसी की डी-बार

मेयर की अध्यक्षता में हुई सदन की बैठक में करोड़ों रुपए के विकास कार्यों को मिली मंजूरी

यमुनानगर। नगर निगम सदन की साधारण बैठक बुधवार को मेयर सुमन बहमनी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शहर के विकास, अवैध कॉलोनियों, प्रदूषण, यातायात, सफाई, स्वास्थ्य, स्ट्रीट लाइट, संपत्ति कर व विभिन्न वार्डों के विकास कार्यों से जुड़े 44 प्रस्तावों पर चर्चा की गई। जबकि दो प्रस्तावो में पूर्व में हुई सदन की बैठको में पास हुई प्रस्तावों पर हुई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी गई। बैठक में पार्षदों ने नगर निगम के एक जेई के खिलाफ प्रॉपर्टी आईडी बनाने और अन्य कार्यों में परफॉमेंस सही नहीं होने पर कार्रवाई की मांग की गई। जिसके बाद नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने मेयर सुमन बहमनी की सिफारिश पर संबंधित जेई को सस्पैंड कर दिया। वहीं वार्ड 3 में दो माह बाद भी बिजली का क्षतिग्रस्त पोल ठीक न करने पर बिजली निगम के एक जेई के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। इसके अलावा विकास कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान न रखने पर एक एजेंसी को डी बार किया गया है। मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि सदन की बैठक को कुछ विभागों के उच्च अधिकारी गंभीरता से नहीं लेते। आज की सदन की बैठक में दूसरे विभागों से जो उच्च अधिकारी अनुपस्थित है, उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए।
बैठक में जिला नगर योजनाकार विभाग के अधिकारी ने अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माण के खिलाफ की गई कार्रवाई का ब्योरा दिया गया। सदन की बैठक में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से आए अधिकारियों ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने पर बीते 6 माह में 160 चालान किये गये, जबकि 2 लाख 80 हजार जुर्माना वसूला गया। बिजली निगम एसडीओ ने बताया कि हमने 47 साइट से बिजली के पोल पर लगी अवैध केबल तार काट दिए गए है। पुलिस विभाग के डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि इस साल हमने अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 116 केस दर्ज कर 216 आरोपी गिरफ्तार किए है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 5 हजार चालान, 415 नो पार्किंग के चालान किए है। इनके अलावा शहर की विभिन्न समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, अधीक्षण अभियंता ओमबीर सिंह, कार्यकारी अधिकारी जरनैल सिंह, कार्यकारी अभियंता विकास धीमान, हरीश कुमार, मनदेव कुमार, क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अजय वालिया, जितेंद्र मल्होत्रा, मुख्य सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल, सहायक अभियंता मुनेश्वर भारद्वाज, मृणाल जायसवाल, सुरेंद्र दहिया, राजेश शर्मा आदि मौजूद रहें।


विकास कार्याें से संबंधित इन प्रस्तावों पर लगी मुहर –

  • वार्ड नंबर 1 में नालागढ़ व भोले का माजरा गांव की सभी गलियों, नालियों एवं मुख्य रास्तों का निर्माण व सुधार करवाया जाएगा।
  • वार्ड नंबर 3 में जगाधरी प्रकाश चौक से त्रिवेणी चौक तक सड़क चौड़ी की जाएगी। वार्ड के सभी श्मशान घाटों में सफाई, ईंधन रखने के लिए शेड, शौचालय, पेयजल, लाइट, बैठने के लिए बेंच, गेट व बाउंड्रीवॉल आदि कार्य करवाए जाएंगे तथा गांवों में बस क्यू शेल्टर भी बनाए जाएंगे।
  • वार्ड नंबर 4 में कृष्ण का माजरा गांव के श्मशान घाट की निशानदेही करवाकर चारदीवारी, अंतिम संस्कार शेड, पानी के नल व बैठने की व्यवस्था करवाई जाए।
  • वार्ड नंबर 5 में रामलीला भवन के पास बरसाती पानी की निकासी का उचित प्रबंध करते हुए पानी को आईपीएस के माध्यम से अशोक विहार की ओर स्थित नाले में डायवर्ट किया जाएगा। राजन गली व धोबी मोहल्ला की सड़क और दोनों तरफ नालियां बनाई जाएंगी।
  • वार्ड नंबर 6 में मटका चौक से जगाधरी बस स्टैंड तक साइड वर्म तथा मटका चौक से कुष्ठ आश्रम तक मास्टिक सड़क का निर्माण करवाया जाएगा। दुर्गा गार्डन में रविदास मंदिर की बाउंड्रीवॉल, शौचालय, किचन शेड व आवश्यक फुटपाथ बनाया जाएगा।
  • वार्ड नंबर 7 में सेक्टर-17 की पांचों मुख्य एंट्री का सौंदर्यीकरण, लाइटिंग, पौधारोपण, सफाई एवं अन्य विकास कार्य करवाकर एंट्री प्वाइंट आकर्षक बनाए जाएंगे।
  • वार्ड नंबर 8 में संगम स्पोर्ट्स से संतपुरा गुरुद्वारा तक टाइलिंग एवं नालियों का निर्माण, फेस-2 में संतपुरा गुरुद्वारा से डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल तक व भगत सिंह चौक से साई होंडा शोरूम तथा यमुना क्लब से सुभाष गर्ग के घर तक नई नालियां बनाई जाएंगी।
  • वार्ड नंबर 9 के कीर्ति नगर के सामुदायिक केंद्र की मरम्मत, ईस्ट भाटिया नगर स्थित लक्ष्मी नारायण धर्मशाला में शेड व हॉल, मॉडल कॉलोनी समेत विभिन्न गलियों में सड़क व जल निकासी कार्य तथा पार्कों में नाम के बोर्ड आदि लगाए जाएंगे।
  • वार्ड नंबर 11 में इंदिरा आवास कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन की मरम्मत कर स्टोर, शौचालय व बिजली कनेक्शन की व्यवस्था और राजा राम कॉलोनी की विभिन्न गलियों व नालियों का निर्माण करवाया जाएगा।
  • वार्ड नंबर 12 में शंभू कॉलोनी, रायपुर माजरा, गधौली माजरा तथा अन्य क्षेत्रों में विभिन्न गलियों, नालियों व सड़कों का निर्माण करवाया जाएगा। कामी माजरा में श्मशान घाट एवं सामुदायिक केंद्र का निर्माण तथा आवश्यक सड़क निर्माण करवाया जाएगा।
  • वार्ड नंबर 13 में गांव ममीदी के जोहड़ से अवैध अतिक्रमण हटाकर वहां ट्रैक, लाइट, जिम आदि की सुविधा विकसित कर सौंदर्यीकरण किया जाएगा। पुराने व क्षतिग्रस्त हॉल को गिराकर नया हॉल बनाया जाएगा। जम्मू कॉलोनी की विभिन्न सड़कों का निर्माण करवाया जाएगा।
  • वार्ड नंबर 14 में यमुना नहर से विश्वकर्मा चौक तक दोनों तरफ आरसीसी नाला बनाया जाएगा। सहारनपुर रोड पर एसवीटीसी ट्रांसपोर्ट से गढ़ी गुजरान सरकारी ट्यूबवेल तक दोनों तरफ नाले एवं सड़क का निर्माण करवाया जाएगा। नगर निगम की सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त करवाया जाएगा।
  • वार्ड नंबर 15 में विजय कॉलोनी, जसवंत कॉलोनी व आसपास के क्षेत्र के लिए जसवंत कॉलोनी में निगम की खाली भूमि पर सामुदायिक भवन बनाया जाएगा।
  • वार्ड नंबर 15 में ओपी जिंदल पार्क से खालसा कॉलेज तक जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए गोल्डन कॉलोनी में सड़क के दोनों ओर बड़ी क्षमता की स्टॉर्म वाटर लाइन बिछाकर इसे जिंदल पार्क में बने आईपीएस से जोड़ा जाएगा।
  • वार्ड नंबर 16 में लक्ष्मी गार्डन, कृष्णा नगर व सत्यम नगर में विभिन्न गलियों व स्टॉर्म वाटर लाइन डालने का कार्य किया जाएगा।
  • वार्ड नंबर 16 में राजा गार्डन की मुख्य सड़कों से 6-7 इंच नीचे स्थित दोनों सड़कों को उचित लेवल तक ऊंचा कर पुनर्निर्माण तथा जलभराव के स्थायी समाधान के लिए स्टॉर्म वाटर लाइन की व्यवस्था की जाएगी। लेबर कॉलोनी गेट से न्यू हैप्पी स्कूल तक मुख्य मार्ग का पुनर्निर्माण तथा गांधी नगर में शर्मा स्वीट्स की पीछे वाली गली का पुनर्निर्माण व स्टॉर्म वाटर लाइन का कार्य करवाया जाएगा।
  • वार्ड नंबर 17 में कैंप क्षेत्र की पुरानी मडहड कॉलोनी की क्षतिग्रस्त गलियों का निर्माण किया जाएगा। पुराने व
    अवरुद्ध पीवीसी पाइप हटाकर नए एचडीपीई पाइप लगाए जाएंगें। कैंप मार्केट, वीना नगर एक्सटेंशन, गुलाब नगर रोड, रादौर रोड पर विश्वकर्मा चौक से सागर मिल तक तथा आदर्श नगर ओवरपास के पास स्ट्रीट व डेकोरेटिव लाइट लगाई जाएगी।
  • वार्ड नंबर 18 में फर्कपुर खेड़ा मंदिर एवं गुरुद्वारे के पीछे की गलियों, नागी पैलेस वाले मुख्य मार्ग व उससे जुड़ी गलियों में आरसीसी सड़क व स्टॉर्म वाटर लाइन बिछाई जाएगी।
  • वार्ड नंबर 18 के अंतर्गत आने वाले सभी गांवों के मुख्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगें। प्रत्येक गांव के लिए आकर्षक डिजाइनर एंट्री गेट बनाए जाएंगे।
  • वार्ड 19 में गांव खेड़ी रांगड़ान, पीरमाजरा व फूसगढ़ में नगर निगम की खाली भूमि की निशानदेही कर अवैध कब्जे हटाए जाएंगें। खेड़ी रांगड़ान में गौशाला व गांव मंडेबरी में निगम की खाली भूमि की बाउंड्री कर सामुदायिक भवन बनाया जाएगा।
  • वार्ड नंबर 19 में गांव पीरमाजरा व फूसगढ़ में में जिन लोगों की 100-100 गज की रजिस्ट्री नगर निगम द्वारा करवाई जा चुकी है, उन्हें कब्जा दिलाया जाएगा।
  • जवाहर नगर में पटियाले के घर से बृजेश के घर तक तथा कृष्ण के घर से सैनी के घर तक और रवि किरयाना वाली गली में श्रीराम मंदिर से श्याम बदन के घर के मोड़ तक गली निर्माण एवं मरम्मत कार्य करवाया जाएगा।
  • अप्रूव्ड कॉलोनी ससौली की चार कच्ची गलियों का निर्माण किया जाएगा व खेड़ी में मुख्य सड़क से मदन मोहन के घर तक पक्की गली का निर्माण करवाया जाएगा।

Twitter