यमुनानगर में एक महिला की शॉर्टकट रास्ते के चक्कर में जान चली गई।यमुनानगर में आज यमुना पुल पर ट्रेन हादसे में एक महिला की मौत हो गई। महिला पति और बच्चों के साथ इस पुल के दूसरी तरफ जाने का प्रयास कर रही थी।बाड़ी माजरा की तरफ जाने के लिए यमुना नहर पर बने रेलवे पुल को पार करते समय अचानक ट्रेन आ गई। ट्रेन को सामने आता देख पति और बच्चों ने साइड में कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन महिला ट्रेन की चपेट में आ गई।हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक बेटे के हाथ और पैर में चोट आई है। मृतका की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी कविता देवी के रूप में हुई है, जोकि तीन बच्चों की मां थी। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।कविता देवी अपने पति राम शगुन और तीन बच्चों के साथ कुछ बाड़ी माजरा की तरफ रहती थी। राम शगुन करीब दो माह पहले ही बिहार से परिवार को लेकर यमुनानगर आया था और यहां प्लाइवुड फैक्ट्री में काम करता है। कुछ दिन पहले वह पत्नी और बच्चों के साथ बिहार गया था।परिवार आज मंगलवार सुबह ही ट्रेन से यमुनानगर वापस लौटा था। इसके बाद परिवार बाड़ी माजरा की तरफ अपने घर जाने के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि सुबह परिवार यमुना नहर के ऊपर बने रेलवे पुल से रेलवे लाइन पार कर रहा था। इसी दौरान जगाधरी से सहारनपुर की तरफ जाने वाली रेलवे लाइन पर अचानक ट्रेन आ गई।ट्रेन को आता देख राम शगुन और बच्चों ने किसी तरह साइड में कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन कविता देवी ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके एक बेटे को भी चोटें आईं। सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।

