जिला यमुनानगर के सात सरकारी स्कूलों को मॉडल संस्कृति स्कूल का दर्जा देने के लिए शिक्षामंत्री का धन्यवाद किया
यमुनानगर, 5 सितम्बर(सच की ध्वनि)ः भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा ने जिला यमुनानगर के सात सरकारी स्कूलों को मॉडल संस्कृति स्कूल का दर्जा देने के लिए शिक्षा मंत्री कंवरपाल का धन्यवाद किया। उन्होंने 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के शुभ अवसर पर शुभकामनाएं संदेश देते हुए कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार में कैबिनेट शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर यमुनानगर जिले के 7 विद्यालयों को मॉडल संस्कृति स्कूल का दर्जा देकर बहुत ही सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने इसे जिलावासियों के लिए शिक्षक दिवस पर मिला एक बहुमूल्य उपहार बताया। उन्होंने कहा कि यमुनानगर जिले में 7 स्कूलों जिनमें छछरौली, बुडिया, कैम्प यमुनानगर, रादौर, सरांवा, सरस्वती नगर, जगाधरी के सरकारी विद्यालयों को मॉडल संस्कृति स्कूल का दर्जा मिलने से इन स्कूलों में विशेष सुविधाएं मिलेंगी। इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षकों का सम्मान करना सबसे बड़ा सम्मान है, गुरु वह होता है जो हमें आगे बढ़ने की राह दिखाता है। सही रास्ते पर चलने की शिक्षा प्रदान करता है।