यमुनानगर

सीएम खट्टर ने किया रेडी-टू-हेल्प को सम्मानित

– कोरोना काल में जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए मिला सम्मान

रोहतक, 17 सितम्बर (सच की ध्वनि)- मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कोरोना काल के दौरान सामाजिक संस्था रेडी-टू-हेल्प(आरटीएच) को इसके द्वारा जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए किये गये सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया है। जिला रेडक्राॅस सोसायटी के सचिव देवेंद्र चहल द्वारा मुख्यमंत्री का यह सम्मान पत्र आज आरटीएच वालंटियर्स प्रवीण तोंदवाल व मुकेश बागड़ी को प्रदान किया गया।
इस अवसर पर चहल ने आरटीएच द्वारा कोरोना काल में किये गये कार्यों की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि आरटीएच को यह सम्मान गरीब लोगों खासकर प्रवासी मजूदरों को राशन, भोजन, दवाइयां, फेस मास्क, सेनेटाइजर उपलब्ध करवाने के अलावा कोविड पीड़ितों के लिए आवश्यक वस्तुएं और सेवाएं प्रदान करने व आम जनमानस को सामाजिक दूरी अपनाने के लिए प्रेरित करने के लिए दिया गया है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपने सम्मान पत्र में कहा कि वे रेडी-टू-हेल्प द्वारा खुले मन से दिए गए सहयोग एवं सेवाओं की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हैं और आशा करते हैं कि रेडी-टू-हेल्प भविष्य में भी सामाजिक कल्याण के कार्यों में अपना बहुमूल्य देती रहेगी।
आरटीएच संस्थापक विजय सैनी ने बताया कि उनकी संस्था द्वारा कोरोना काल में न केवल रक्तदान शिविर लगाकर रक्त की कमी को दूर करने में अपना योगदान दिया, बल्कि सैकड़ों लोगों की राशन मुहैया करवाकर उनकी मदद भी की। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों को मास्क, सेनीटाइजर व अन्य जरूरी वस्तुएं भी वितरित की गई।

Twitter
12:50