यमुनानगर

रंजिश के चलते दंपत्ति को पीटकर किया घायल

– पुलिस ने आरोपित 11 लोगों के खिलाफ किया केस दर्ज
यमुनानगर, 1 सितम्बर(सच की ध्वनि)- गांव महलावाली में रंजिश के चलते कुछ लोगों ने दंपति को पीट कर घायल कर दिया। घायल दंपत्ति का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपित 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार गांव महलावाली निवासी नेहा ने सदर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति का कुछ दिन पहले गांव के ही संजीव के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस समय अन्य लोगों ने समझाकर मामला शांत करवा दिया मगर उसके बाद से आरोपी संजीव उसके पति से रंजिश रखने लगा। इसी रंजिश के चलते आरोपित संजीव ने अपने अन्य साथियों शीला, वीर सिंह, महिंद्र, अभिषेक, किशन, दयाल, गौरव, बहादुर, हर्ष, राजन व बृजपाल के साथ मिलकर उसके पति पर हमला कर दिया। हमले में उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। जब वह अपने पति को आरोपियों से छुड़वाने के लिए गई तो आरोपियों ने उसे भी पीट कर घायल कर दिया। मारपीट की आवाज सुनकर जब अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपित उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद सभी आरोपितों के केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
Twitter
01:17