कालेश्वर महादेव मठ में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेता अशोक कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ
सच की ध्वनि(ब्यूरो) यमुनानगर , 11 मार्च( )-महाशिवरात्रि के पर्व के शुभ अवसर पर कलेसर स्थित कालेश्वर महादेव मठ में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेता अशोक कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। जिसमें कर्नाटक के पूर्व राज्यपाल हंसराल भारद्वाज की धर्मपत्नी प्रफुल्ल लता भारद्वाज ने शिरकत की। कार्यक्रम में तीन गरीब कन्याओं का सामूहिक विवाह श्री कालेश्वर महादेव मठ समिति द्वारा करवाया गया जिसमें रोहित कुमार निवासी बांसेवाला उत्तर प्रदेश का विवाह काजल निवासी बहराल हिमाचल प्रदेश, शैंकी निवासी जागधोली का विवाह शिवानी निवासी सलेमपुर खादर तथा आदेश कुमार खुशहालीपुर का विवाह काजल अंबेटा उत्तर प्रदेश के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक कुमार गुर्जर ने वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया तथा कहा कि समिति द्वारा इस पावन पर्व के अवसर पर गरीब कन्याओं का विवाह एक पुण्य तथा सराहनीय कार्य है। कार्यक्रम में प्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय कलाकार शिव गायन महावीर गुड्डू बम लहरी ने अपने भजनों के माध्यम से श्रोताओं का मन मोह लिया।
महावीर गुड्डू ने बताया कि वह 6 साल से लगातार महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री कालेश्वर महादेव मठ में आते हैं। श्री महाकालेश्वर महादेव मठ समिति के प्रधान स्वामी शांतानंद महाराज ने बताया कि मठ में प्रत्येक रविवार को हवन यज्ञ होता है। उन्होंने बताया कि आज के दिन पूजा-पाठ भजन संध्या करने का सैकड़ों गुना महत्व होता है। महादेव कालेश्वर मठ बहुत ही प्राचीन मठ है यहां 5 हजार साल से भगवान शिव जी का पूजा पाठ तथा ऐसे कार्यक्रम होते चले आ रहे हैं। यमुना नदी के किनारे पश्चिमी तट पर 4 राज्यों की सीमाओं से गिरा हुआ यह स्थान है और शिवालिक पहाडिय़ों के बीच स्थित है। यहां जो वटवृक्ष है वह 4 हजार साल पुराना है यहां की मूर्तियां व अवशेष 5 से 7 हजार साल पुराने हैं। हर साल यहां महाशिवरात्रि के दिन भव्य कार्यक्रम होते हैं, यहां पर एक ट्रस्ट बना हुआ है। ट्रस्ट के माध्यम से सैकड़ों गरीब कन्याओं की शादियां यहां पर हो चुकी हैं तथा यहां पर हर वर्ष विशाल भंडारा होता है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर विशेष कार्यक्रम यहां होते रहते हैं, यहां पर जड़ी बूटियों से निर्मित ऐसी दिव्य औषधि शिव अमृत है जिससे असाध्य बीमारियां ठीक होती हैं।
इस अवसर पर आनंद चौधरी, प्रवीण बतरा, सत्य प्रकाश अग्रवाल, रमेश कुमार आर्य, महिपाल रोहिल्ला, जोगिंदर सिंह, अजय शर्मा, बलबीर चौधरी, प्रदीप चौधरी, राजकुमार रोहिल्ला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।